मुंबई, (ब्यूरो)। अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर अब शिव सेना का दामन थामेंगी। कांग्रेस में विफल रही उर्मिला को शिव सेना विधान परिषद में भेज रही है। संभवतः वे मंगलवार को शिव सेना में शामिल हो जाएंगी।
कांग्रेस की राजनीति में नाकाम रहीं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर अब शिवसेना का दामन थामने जा रही हैं। उर्मिला कल शिवसेना में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था और बाद में पार्टी छोड़ दी थी। शिव सेना नेता संजय राऊत के अनुसार उर्मिला मातोंडकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल होंगी। पार्टी वैसे भी उर्मिला को विधान परिषद में भेजने की तैयारी में है। राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी के पास सरकार की तरफ से भेजी गई 12 नामों की सूची में उर्मिला का नाम भी शामिल है। इसके अलावा, इस कोटे के लिए सरकार ने 11 और नाम भेजे हैं। हालांकि राज्यपाल ने अभी इन 12 नामों को मंजूरी नहीं दी है। गौरतलब है कि विधान परिषद की ये सीटें पिछले 6 महीने से खाली पड़ी हैं। राज्यपाल कोटे की विधान परिषद सीटों पर खेल, कला, विज्ञान, शिक्षा, साहित्य आदि क्षेत्रों से आने वाले विद्वानों को मनोनीत किया जाता है।
फिल्मों में सफल रही उर्मिला मातोंडकर का राजनीतिक सफर कुछ ख़ास नहीं रहा। कांग्रेस में उनकी लोकप्रियता काम नहीं आई और वे विफल रही। अब शिव सेना के सहारे वे राजनीति की नई पारी शुरू करने जा रही हैं।